उत्तर प्रदेश

सीजन का सबसे गर्म दिन, मुरादाबाद का पारा 41 डिग्री तापमान

Tara Tandi
6 May 2024 6:02 AM GMT
सीजन का सबसे गर्म दिन, मुरादाबाद का पारा 41 डिग्री तापमान
x
मुरादाबाद : गर्मी के शुरुआती सीजन में अब तक रविवार को तापमान सबसे ज्यादा रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा था।
पिछले चार दिन बादलों की आवाजाही से तापमान की बढ़ोतरी थमी हुई थी, लेकिन अब मौसम शुष्क होते ही पिछले 24 घंटे में तापमान ने तीन डिग्री सेल्सियस की छलांग लगा दी। रविवार को सुबह से ही तेज गर्मी हो रही थी।
घरों से बाहर निकलते ही गर्म हवा के थपेड़े लग रहे थे। रविवार को अवकाश होने की वजह से ज्यादातर लोग घरों में ही रहे। बहुत आवश्यक काम होने पर ही वह बाहर निकले। शाम छह बजे तक गर्म हवा ने बेहाल किया।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह वातावरण में नमी 35 फीसदी थी, जो शाम को घटकर सिर्फ 19 फीसदी रह गई। पश्चिम से पूरब दिशा में हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
राजस्थान के चूरू के बराबर तापमान
राजस्थान में रविवार को चूरू जिले का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सिसय था। वहीं श्रीगंगानगर का 41.1, जोधपुर में 41.1, जैसलमेर में 40.8, जयपुर 40.2, चित्तोड़गढ़ में 40.2, अजमेर में 39.7 और उदयपुर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
पहाड़ पर बादल और नमी भरी हवा की वजह से तापमान में राहत थी। आने वाले दिनों में मौसम गर्म ही रहेगा। शुष्क रहने की वजह से हवा गर्म हो जाएगी। सोमवार तक तेज धूप रहने का अनुमान है। एलनीनो वर्ष होने की वजह से इस बार अप्रैल में पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहा है। अब कम से कम 15 से 20 दिन तगड़ी लू चलेगी। सामान्य दिनों में यह छह से सात दिन चलती है। यह सामान्य से दो गुना से ज्यादा है। चुभने वाली धूप रहेगी।
Next Story