उत्तर प्रदेश

आगरा के इन व्यापारियों की ऋषि सुनक के ब्रिटेन PM बनने से बढ़ी आस, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
26 Oct 2022 12:43 PM GMT
आगरा के इन व्यापारियों की ऋषि सुनक के ब्रिटेन PM बनने से बढ़ी आस, जानिए पूरी खबर
x

आगरा न्यूज़: ऋषि सुनक के ग्रेट ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की खबर मिलते ही आगरा के फुटवियर निर्यातकों में खुशी की लहर है। उनको लगता है कि नए पीएम ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में कामयाब हुए तो आगरा से निर्यात में बड़ी बढ़ोत्तरी मिल सकती है। बड़ी सौगात मुक्त व्यापार समझौते की मिल सकती है। वर्तमान में आगरा के फुटवियर को यूनाइटेड किंग्डम में घुसने के लिए 4.5 फीसदी की ड्यूटी चुकानी पड़ती है। जिस तरह से भारतीय सरकार इस समझौते के लिए प्रयासरत है, सुनक के आने से यह उपलब्धि मिलने की उम्मीद बलवती हो गई है। एक बड़ी वजह सुरक्षा से जुड़ी हुई है। भारतीयों को ब्रिटेन में जरूरी सुरक्षा मिलने लगेगी। फुटवियर निर्यातकों के संगठन आगरा फुटवियर मैन्यूफैक्चरर्स एक्सपोर्टर्स चैंबर के पदाधिकारियों ने यह बात रखी।

आगरा को इस तरह मिल सकता है फायदा:

ब्रिटेन को औसत सालाना फुटवियर निर्यात 600 करोड़ रुपये

मुक्त व्यापार समझौता होने की स्थिति में 1000 करोड़ रुपये

एफमेक, उपाध्यक्ष, राजेश सहगल ने कहा कि यह हमारे लिए बड़े फक्र की बात है कि एक भारतीय मूल का व्यक्ति ब्रिटेन का का प्रधान मंत्री बना है। उनसे यह उम्मीद करना कि इस रिश्ते कि वजह से वह भारत या भारतीयों के लिए आउट ऑफ वे कुछ करेंगे, गलत होगा। न तो उन्हें ऐसा करना चाहिए और न ही वो ऐसा करने जा रहे।

मुक्त व्यापार समझौते की पूरी उम्मीद है। यह भी संभव है कि ग्रेट ब्रिटेन अपने हैवी मशीनरी उद्योग को भारत में शिफ्ट कर दे। यहां वातावरण हर लिहाज से अनुकूल है। भारत को तो फायदा होगा ही, ग्रेट ब्रिटेन को भी इसका लाभ मिलेगा। जैसा कि जेसीबी के मामले में हुआ। भारत में शिफ्ट करते ही निर्यात में बंपर वृद्धि दर्ज हुई थी।

एफमेक, अध्यक्ष, पूरन डावर ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब भारत की अर्थव्यवस्था में यूके का बड़ा हाथ होता था। समय का चक्र ऐसा घूमा कि भारत की अर्थ व्यवस्था मज़बूत हो रही है और ब्रिटेन की अर्थ व्यवस्था अब तक के सबसे बुरे दौर में है। ऐसे समय में भारतीय मूल के पीएम सुनक द्वारा इस जिम्मेदारी को विश्वास के साथ लेना सुखद अनुभूति देता है।

भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता, फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) दोनों देशों की अर्थव्यवस्था में स्फूर्ति ला सकता है। आगरा के जूता उद्योग को भी बड़ी गति मिल सकती है। अब तक यूके आगरा के लिये बड़ी मार्केट है। सुनक के पीएम बनने से यूके के मंदी से उबरने की बड़ी उम्मीद है।

एफमेक, उपाध्यक्ष, गोपाल गुप्ता ने कहा कि भारतीय मूल के सुनक के पीएम बनने से ग्रेट ब्रिटेन में रह रहे भारतीयों के लिए सुरक्षा संबंधी दिक्कतों का समाधान मिल जाएगा। हाल के दिनों में भारतीय लोगों के साथ जिस तरह वारदात हुईं, उनके धर्मस्थलों को हानि पहुंचाई।

अब ब्रिटिश पुलिस अपने पीएम के मूल को देखते हुए भारतीयों की सुरक्षा की चिंता करेगी। एक लंबे अरसे से भारत और यूके के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। सुनक के पीएम बनने से इस समझौते के परवान चढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। इसका फायदा आगरा को भी मिलेगा। यहां के फुटवियर उद्योग के लिए अवसर बढ़ेंगे। निर्यात के बढ़ने की संभावना भी है।

Next Story