उत्तर प्रदेश

गला दबाकर की गई थी छात्रा की हत्या

Admin4
9 Jun 2023 1:55 PM GMT
गला दबाकर की गई थी छात्रा की हत्या
x
लखनऊ। विगत दो दिन पहले इंदिरानगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत हाईस्कूल की छात्रा का शव फंदे से लटकता मिला। पीएम रिपोर्ट (पोस्टमार्टम रिपोर्ट) में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। जबकि दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल परिजन एक किशोर पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि आरोपित का कहना है कि परिजनों ने उसे मृतका के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद वह मौके से भाग निकला था। ऐसे में पुलिस इस हत्याकांड को ऑनर किलिंग के पहलुओं से भी देख रही है।
गौरतलब है कि 07 जून की रात इंदिरानगर के तकरोही में घर के कमरे से एक छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया। उस वक्त मृतका के परिजन एक किशोर पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगा रहे थे। इसके आधार पर पुलिस ने एक किशोर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है।
शुक्रवार को छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। जबकि दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित किशोर से पूछताछ की तो उसने बताया कि घटना वाली रात वह लड़की से मिलने उसके घर पर गया था। लड़की के घरवालों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। किशोर ने बताया कि उसके जाने के बाद छात्रा के साथ क्या हुआ, उसे इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं है।
Next Story