उत्तर प्रदेश

शादी का भरोसा और बैंक खाते का खेल, युवती ने दर्ज कराया मुकदमा

nidhi
6 Oct 2026 10:04 AM IST
शादी का भरोसा और बैंक खाते का खेल, युवती ने दर्ज कराया मुकदमा
x
युवती के नाम फर्म और बैंक खाता
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक युवती के दस्तावेजों का कथित तौर पर दुरुपयोग कर उसके नाम से फर्म और बैंक खाता खोलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिस युवक से युवती की शादी की बात चल रही थी, उसने बिजनेस शुरू कराने के बहाने उसका आधार कार्ड और फोटो लिया और बाद में इन्हीं दस्तावेजों के जरिए उसके नाम से फर्म बनाकर बैंक खाता खुलवा दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब संदिग्ध लेनदेन की जांच करते हुए पुलिस युवती के घर पहुंची।
नौरंगाबाद क्षेत्र की रहने वाली युवती के मुताबिक वर्ष 2024 से मदापुर, बरला निवासी मनमोहित कुमार उर्फ सोनू के साथ उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। इसी दौरान युवक ने उसे बिजनेस शुरू कराने का भरोसा दिया और आधार कार्ड तथा फोटो ले लिए। युवती का आरोप है कि बाद में उसके आधार में दर्ज मोबाइल नंबर को भी बदल दिया गया।
आरोप है कि 19 जनवरी 2025 को युवती के नाम से एक मकान का किरायानामा तैयार कराया गया, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। इसके बाद उसके नाम से मैसर्स वूमेन इंटरप्राइजेज नाम की फर्म बनाई गई और बैंक ऑफ बड़ौदा की सासनी गेट शाखा में चालू खाता खुलवाया गया। चेकबुक भी जारी कराई गई। युवती ने पुलिस को बताया कि उससे कुछ खाली चेकों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए थे। पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 26 अगस्त 2025 को कन्नौज पुलिस संदिग्ध बैंक लेनदेन की जांच के सिलसिले में युवती के घर पहुंची। पुलिस की पूछताछ से युवती को पहली बार पता चला कि उसके नाम से फर्म और बैंक खाता संचालित हो रहा है। उसने किसी भी संदिग्ध लेनदेन में शामिल होने से इनकार किया।
मामला यहीं नहीं रुका। रिपोर्ट के मुताबिक बाद में फरीदाबाद पुलिस भी जांच के सिलसिले में युवती तक पहुंची। इसके बाद उसने अपने नाम से हुए जीएसटी पंजीकरण और बैंक खाते को बंद कराया तथा पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। युवती की शिकायत के आधार पर गांधीपार्क थाने में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्म और बैंक खाते के जरिए कितना लेनदेन हुआ और इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया गया। गांधीपार्क पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।
मामले में अभी आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, फर्म से जुड़े दस्तावेज और संबंधित लेनदेन की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवती के दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग किस स्तर तक किया गया और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
Next Story