उत्तर प्रदेश

त्याग और धैर्य की प्रतिमूर्ति है मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम : आचार्य शान्तनु

Admin4
11 Oct 2022 1:00 PM GMT
त्याग और धैर्य की प्रतिमूर्ति है मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम : आचार्य शान्तनु
x

झांसी। एसपीआई इंटर कॉलेज के प्रांगण में चल रही संवेदना सेवा न्यास के सहयोगार्थ आयोजित श्रीराम कथा में आचार्य श्री शान्तनु महाराज ने श्रीराम वनगमन की कथा का वर्णन किया। आचार्य शान्तनु महाराज ने बताया कि यूं तो गोस्वामी तुलसीदासकृत श्रीरामचरितमानस त्याग और धैर्य का बेजोड़ संगम है। फिर भी उसमें मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का चरित्र त्याग का धैर्य का प्रतिरूप हैं। संसार में ऐसा कौन हो सकता है जिसका एक पल पहले राजतिलक होने जा रहा हो और दूसरे पल उसे पता चले कि उसे अब सबकुछ त्याग कर वन के लिए प्रस्थान करना है। अपने पिता के इस आदेश को वह खुशी खुशी स्वीकार करते हैं। श्रद्धालु श्रीराम की वन गमन की कथा सुन भाव विभोर हो उठे।

आचार्य श्री ने देवताओं व मां सरस्वती के बीच वार्ता को भी सुनाया। वहां मां सरस्वती ने देवताओं को उल्टा सोचने के लिए फटकार लगाई। महारानी कैकेयी की दासी मंथरा को श्रीरामचरितमानस का सबसे ताकतबर पात्र बताया। मंथरा को कुसंग की संज्ञा देते हुए उन्होंने बताया कि मंथरा ने महारानी कैकेयी को रंगभवन से निकाल कर कोप भवन में पहुंचा दिया। पूरी अयोध्या को उजाड़ दिया। आज के परिवेश में कुसंग से बचने के लिए उन्होंने कहा कि जब आपको लगे कि कुसंग में जाने वाले हो तो आसन बदल दो। उससे भी कम न चले तो रीढ़ की हड्डी को सीधा करो और अपने ईष्ट अपने गोपाल को पुकारो। उनसे निवेदन करो कि इस कुसंग से आपको बाहर निकालें। इससे पूर्व उन्होंने बताया कि राजतिलक की सूचना के बाद श्रीराम संसार के विपरीत प्रसन्न होने के स्थान पर दुखित होते हैं और सोचते हैं कि जब सभी भाइयों के साथ आज तक सब साथ रहे। लेकिन आज राजतिलक मेरे अकेले का। उन्होंने काम के वशीभूत होकर कैकेयी को वरदान देने की कथा का भी विस्तार से वर्णन किया।

इससे पूर्व मुख्य यजमान रूपम मैथिली शरण मुदगिल, इं. हाकिम सिंह, अनिल यादव, ललित गुप्ता, सौरव मिश्रा, विनोद अग्रवाल, दुर्गेश नंदिनी अग्रवाल,सीता शरण, प्रीति शरण तिवारी ने आचार्य श्री का व्यास पीठ पर माल्यार्पण कर स्वागत किया।

कथा में आचार्य मनोज थापक, सदर विधायक रवि शर्मा की पत्नी सुनीता शर्मा,भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा,पूर्व पालिकाध्यक्ष धन्नू लाल गौतम,श्रीराम कथा समिति के संयोजक प्रदीप सरावगी, न्यास के अध्यक्ष पंकज,उपाध्यक्ष अमित चिरवारिया,सौरभ मिश्रा, वेद श्रीवास्तव,चेतनओझा,प्रवीण लखेराआदि उपस्थित रहे।

Admin4

Admin4

    Next Story