- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पोल में उतरे करंट ने...
पोल में उतरे करंट ने ली ट्राली चालक दो सगे भाईयों की जान

वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन के पास रमाकांत नगर कालोनी में गुरूवार की दोपहर तीन बजे हेरिटेज पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से दो सगे भाईयों की मौत से कोहराम मच गया। इससे बौखलाये लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी।
बताया जाता है कि अनिल साहनी और छोटू साहनी दोनों सगे भाई थे। दोनों ही ट्राली चलाते थे। पिशाचमोचन अखाड़ा के पास नगर निगम की स्ट्रीट लाईट हेरिटेज पोल है। दोनों भाई उसी पोल के पास ट्राली खड़ा कर स्ट्रीट लाईट पोल पर पैर लगाकर सोये हुए थे। इसी दौरान खम्भे में करंट प्रवाहित हुआ और दोनों उसकी चपेट में आकर चीखने-चिल्लाने लगे। यह देख लोग पहुंचे। तत्काल चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र को सूचना दी गई। इसके बाद लाईन काटी जा सकी। सूचना पर ट्राली चालकों के परिजन पहुंचे।
आनन-फानन में उन्हें मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद विद्युत विभाग के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क गया और लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिये। उधर, बिजली विभाग की ओर से बताया गया कि स्ट्रीट लाइट हेरिटेज पोल नगर निगम द्वारा स्थापित है। उसमें आंतरिक दोष के कारण विद्युत प्रवाह होने से दो श्रमिक चपेट में आग गये। अनिल और छोटू की शादी हो चुकी थी। एक ही परिवार के दो युवकों की एक साथ मौत ने परिवार को नही पूरे मोहल्ले को हिलाकर रख दिया है।
