उत्तर प्रदेश

चिकित्सक की पीट पीटकर हत्या, थानाध्यक्ष ने दिया कंधा

Admin Delhi 1
15 Feb 2023 12:52 PM GMT
चिकित्सक की पीट पीटकर हत्या, थानाध्यक्ष ने दिया कंधा
x

सहारनपुर: कम राशन दिये जाने का विरोध करने पर चिकित्सक की राशन डीलर के परिजनों द्वारा पीट पीट कर हत्या किये जाने की घटना में मृतक के पुत्र ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा स्थानीय थाने में दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही परिजनों द्वारा सोमवार सांयकाल में मृतक का पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। जिसको थानाध्यक्ष ने कंधा दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के पुत्र वैभव ने थाने में दी तहरीर में बताया है कि रविवार शाम करीब पांच बजे उसके पिता राजीव उर्फ राजू गांव की राशन डीलर करतारी पत्नी वेदराम के यहाँ राशन लेने गया था। कम राशन तौलने को लेकर उसके पिता का करतारी के पुत्र अनुज के साथ कहासुनी हो गयी। जिसमें अनुज ने अपने परिजनों वेदराम, मनोज, पप्पन, सहीराम के साथ मिलकर लाठी डंडों, सरियों से पिटाई कर रस्सी से गला घोंटने का प्रयास किया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गये जिन्हें देखकर हमलावर अपने घरों में घुस गये।

घायलावस्था में अपने पिता को तथा ग्रामीणों के साथ लेकर नागल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया। जहाँ पर चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नागल पुलिस भी स्वास्थ्य केन्द्र पर आ गयी। जिसने मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर पांचों नामजदों के खिलाफ धारा 147,148, 324,504,302 में मुकदमा दर्ज कर लिया। यह भी उल्लेखनीय है कि राशन डीलर करतारी के पुत्र अनुज की पत्नी गाँव की प्रधान भी है।

पोस्टमार्टम के बाद शव गाँव में आने पर मृतक के परिजनों ने हँगामा खडा कर दिया। वह लोग इस बात पर अडे थे कि जब तक हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नही होता तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। कुछ ग्रामीणों के समझाने पर मुकदमा दर्ज होने के बाद शव का अन्तिम सँस्कार पुलिसबल की देखरेख में कर दिया।

थानाध्यक्ष सूबेसिंह यादव ने बताया कि नामजदगी के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें डाल रही हैं, जल्दी ही गिरफ्तारी हो जायेगी। बताया जाता हैं कि अनुजकुमार भाजपा अनुसूचित मोर्चा तल्हैडी मँडल का अध्यक्ष हैं। जो इस घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने निष्कासित कर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दिया है।

Next Story