उत्तर प्रदेश

विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, मुकदमा दर्ज, पति से चल रहा था विवाद

Shantanu Roy
20 Dec 2022 10:58 AM GMT
विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, मुकदमा दर्ज, पति से चल रहा था विवाद
x
बड़ी खबर
मोरना। विवाद के चलते मायके में रह रही विवाहित का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। काफी समय से विवाहिता और ससुराल पक्ष के बीच विवाद चला आ रहा था। ससुराल पक्ष से विवाद के चलते पति ने विवाहिता को उसके मायके छोड़ दिया, जिसके चलते विवाहिता काफी समय से तनाव में चल रही थी। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी मुशर्रफ की पुत्री साजिया की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के गांव नगला बुजुर्ग निवासी रिजवान के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार काफी समय से साजिया का ससुराल पक्ष से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते कुछ समय पूर्व रिजवान अपनी पत्नी साजिया को लेकर कस्बा मीरापुर में रहने वाली साजिया की बहन के किराए के मकान में रहने के लिए चला गया था। विवाद के चलते लगभग पन्द्रह दिन पूर्व रिजवान साजिया को उसके घर सीकरी छोड़कर चला गया था।
जिसके चलते विवाहिता काफी समय से तनाव में चल रही थी। शनिवार की सुबह साजिया घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पूछताछ करते हुए साजिया की बहन रूबी को उसके खेतों की ओर जाने का पता लगा, जिस पर वह अपनी छोटी बहन सानिया को लेकर उसे ढूंढते हुए खेतों की ओर पहुंच गई। जैसे ही वह सीकरी निवासी रज्जाक पुत्र आले हसन के खेत में पहुंची, तो ईंख के खेत के अंदर जामुन के पेड़ से साजिया का शव लटका हुआ मिला, जिसे देखकर रूबी बेहोश हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को पेड़ से उतार कर मामले की सूचना पुलिस को दी, जिस पर क्षेत्राधिकारी भोपा राम आशीष यादव व थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, चौकी प्रभारी सीकरी रेशम पाल सिंह फोर्स के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। विवाहिता की असमय मौत से उसके पिता मुसर्रफ, माता इमराना, भाई तालिब, आसिफ, साकिब व बहन रूबी व सानिया का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story