- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ठेके के पास मिला अधेड़...

मीरजापुर: विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत सेमरी गांव में बुधवार शाम करीब छह बजे सरकारी शराब ठेके से सौ मीटर दूर सीवान में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 45 वर्षीय गेंदा प्रसाद बिंद पुत्र स्व. रामदास के रूप में हुई। शव के पास बोल्डर पड़ा होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी और एंबुलेंस बुलाकर गेंदा प्रसाद को पीएचसी सर्रोई पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों में चर्चा रही कि शराब के ठेके पर नशे में धुत एक व्यक्ति से उनका विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद सीवान में उनका शव मिला।
गेंदा प्रसाद एक बेटा और एक बेटी के पिता थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे गैपुरा चौकी प्रभारी विजय कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
गौरतलब है कि फिरौती के लिए इसी गांव के 12 वर्षीय बालक प्रिंस की हत्या के बाद अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।





