- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बड़े बूथों की पहचान कर...

बलिया। जिले में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिले के मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के बूथों को लेकर सुझाव लिए गए और आवश्यक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी बूथों की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदेय स्थल मतदाताओं के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होना चाहिए। यदि किसी बूथ को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव आता है तो संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करें और नियमों के अनुसार निर्णय लें।
डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी मतदेय स्थलों की स्क्रूटनी कराई जाए। इसके साथ ही ऐसे बूथों की अलग सूची तैयार करने को कहा गया है, जहां 1100 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक मतदाताओं वाले बूथों की पहचान कर व्यवस्था को बेहतर बनाना है, ताकि मतदान के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान कई मतदेय स्थलों के स्थान परिवर्तन को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से सुझाव दिए गए। प्राथमिक विद्यालय ग्राम पुरास दक्षिण बरुना स्थित मतदेय स्थल संख्या 261 को अलग करने का सुझाव रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि बूथ की दूरी निर्धारित मानक के अंदर है तो उसे बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने संबंधित एसडीएम को मौके पर जाकर स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए।
बहेरी क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 110, 111 और 112 को लेकर भी चर्चा हुई। यहां मतदाताओं और चार पहिया वाहनों के आवागमन में आने वाली परेशानियों को देखते हुए इन्हें दिल्ली पब्लिक स्कूल, बहेरी में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। इस मामले में भी प्रशासन ने स्थल निरीक्षण के बाद निर्णय लेने की बात कही।
इसी तरह मतदेय स्थल संख्या 64 इस्लामिया स्कूल परमानंदापुर को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय परमानंदापुर को नया बूथ बनाने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या 18 को एक ही बूथ में समायोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मदरसा अनवारुल ओलूम जूनियर हाई स्कूल बहेरी में बने मतदेय स्थल संख्या 107, 108 और 109 को पंचायत भवन चंद्रशेखर नगर में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने इस संबंध में एसडीएम सदर को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय ब्रह्माइन डेरा स्थित मतदेय स्थल संख्या 12 को बूथ संख्या 10 या 11 में स्थानांतरित करने के सुझाव पर भी विचार किया गया। बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में आंबेडकर पसरा स्थित जर्जर स्कूल में बने बूथ को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षित मतदान व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई अन्य बूथों के स्थान परिवर्तन के प्रस्तावों पर भी चर्चा की। ग्राम चकिया-बिछुआ के मतदेय स्थल संख्या 46 और 47, बालखंडी नाथ इंटर कॉलेज सिसोटर के बूथ, पकड़ी में बूथ संख्या 309 और 310 तथा हरिवंश बाबा इंटर कॉलेज पुर के स्थान पर बनकटा में बूथ बनाए जाने के प्रस्तावों पर संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। अधिक मतदाता संख्या वाले बूथों की पहचान कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे, जिससे चुनाव प्रक्रिया सुचारु और सुविधाजनक तरीके से संपन्न हो सके।





