- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- तरयासुजान थानाक्षेत्र...
उत्तर प्रदेश
तरयासुजान थानाक्षेत्र में चैनपट्टी के पास गिरफ्तार पशु तस्करी का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार
Ritisha Jaiswal
10 July 2022 2:22 PM GMT

x
तरयासुजान थानाक्षेत्र में चैनपट्टी के पास गिरफ्तार पशु तस्करी का आरोपी शनिवार की रात पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया
तरयासुजान थानाक्षेत्र में चैनपट्टी के पास गिरफ्तार पशु तस्करी का आरोपी शनिवार की रात पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी इनामुल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। अभियुक्त के भागने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी के भागने पर पहले तो पुलिस ने मामला दबाने का प्रयास किया। लेकिन बाद में उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीम लगा दी गई। आरोपी को दोबारा पकड़ने के लिए उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
तरयासुजान थानाक्षेत्र में चैनपट्टी में शनिवार की सुबह पशु तस्करों के सक्रिय होने की सूचना पुलिस को मिली थी। क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जितेंद्र सिंह कालरा की अगुवाई में पुलिस ने एपी तटबंध पर पशु तस्करों की घेराबंदी की। इस दौरान दो तस्करों ने पुलिस पर गोली चलाकर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस तस्करों को पकड़ लिया।
पकड़े गए तस्करों की पहचान ईमामुल पुत्र अलिमुद्दीन और सलीम शाह पुत्र अली मुहम्मद निवासी कनक पिपरा थाना पटहेरवा, सतीश खरवार पुत्र चंदन निवासी पकईयां टोला सिधुआ थाना पडरौना के रूप में हुई। गोली लगने से घायल ईमामुल और सलीम शाह को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार की रात में मौका देखकर इनामुल भाग निकला। उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। इसकी जानकारी होने पर पुलिस हरकत में आई। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस दोबारा गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि के लिए एसपी और एसएचओ तरयासुजान को फोन किया गया। लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Ritisha Jaiswal
Next Story