- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पुलिस पर फायरिंग कर...
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम की मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, भलुअनी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित हेमराज यादव अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पकड़ी बाजार की ओर से नकवाह पुलिया होते हुए बेला रोड पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित रास्ते पर घेराबंदी कर दी।
कुछ समय बाद पुलिस को बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बीच पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हेमराज यादव के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरा युवक भागने में सफल रहा।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय हेमराज यादव निवासी बिहार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घटनास्थल से उसकी मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में हेमराज के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पहले से गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए साथी की पहचान जयसराज के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घायल आरोपी का मेडिकल कॉलेज देवरिया में उपचार कराया जा रहा है।





