उत्तर प्रदेश

चोरों का आतंक: गहने, बर्तन और टोटियां लेकर फरार

Saba Naaz
11 July 2026 9:01 PM IST
चोरों का आतंक: गहने, बर्तन और टोटियां लेकर फरार
x

गाजियाबाद : साहिबाबाद क्षेत्र में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरों ने एक कारोबारी के घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी तो चोरी की ही, साथ ही घरेलू सामान और किचन की टोटियां तक उखाड़कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

मामला टीला मोड़ थाना क्षेत्र की डीएलएफ कॉलोनी का है। यहां रहने वाले गुरुचरन सिंह फिटर फेब्रिकेशन का कारोबार करते हैं। उनकी बेटी रेवती ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन शिल्पी रायबरेली में रहती हैं। बहन के पति विक्की का तीन जुलाई को सड़क हादसा हो गया था, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें देखने के लिए रायबरेली गए हुए थे।

परिवार के घर से बाहर होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। रेवती के अनुसार, इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर की पानी की मोटर चोरी हो गई है और घर के कमरों में लगे सेंट्रल लॉक भी बंद हैं। सूचना मिलने के बाद परिवार ने घर लौटने का फैसला किया।

नौ जुलाई को जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा हुआ था और कई कीमती चीजें गायब थीं। जांच करने पर पता चला कि चोर खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हुए थे।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर घर से करीब 10 तोले सोने के गहने, एक लाख रुपये की नकदी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने किचन और बाथरूम की टोटियां तक नहीं छोड़ीं और उन्हें भी उखाड़कर साथ ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए बंद करके बाहर जाने पर पड़ोसियों और पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही घरों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और अन्य सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है।

Next Story