उत्तर प्रदेश

सांप के डसने से उठाया भयानक कदम, पहले घुमाया फिर मारकर खा लिया

Bhumika Sahu
20 Jun 2022 4:25 PM GMT
सांप के डसने से उठाया भयानक कदम, पहले घुमाया फिर मारकर खा लिया
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बांदा। ग्रामीण इलाकों में सांप का डंसना आम बात है। बारिश के मौसम में सांप के डंसने के मामले बढ़ भी जाते हैं। सांप के डंसने के बाद लोग डर के कारण कई बार बेहोश तक हो जाते हैं। लेकिन कानपुर में सांप के डंसने के बाद ऐसा मामले सामने आया है जो सभी को चौंका रहा है। यहां के कमासिन थाना क्षेत्र के स्योहट गांव में खेत से घर लौट रहे व्यक्ति को सांप ने डंस लिया तो बेहद खौफनाक बदला तुरंत ले लिया।

उसने सांप को पहले मरोड़ा फिर कई टुकड़ों में काट कर अपना निवाला बना लिया। उसकी करतूत की जानकारी मिलते ही परिवार में खलबली मच गई। उसे लेकर लोग तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों ने व्यक्ति को पूरी तरह स्वस्थ बताया है। सांप के डंसने और फिर उसके टुकड़े-टुकड़े करके निवाला बनाने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कमासिन थाना के स्योहट गांव निवासी माताबदल सिंह रविवार की शाम खेत से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उसके पैर में डंस लिया। सांप के डंसने से माताबदल को गुस्सा आ गया और फिर उसने सांप को पकड़कर पहले खूब मरोड़ा। इसके बाद उसके कई टुकड़े करते हुए उसे अपना निवाला बना लिया।
माताबदल के घर पहुंचने पर परिजनों ने हाथों पर काफी खून देखा तो पूछताछ की। उसने पूरी घटना बताई तो परिवार में खलबली मच गई। सांप को टुकड़े करके खाने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए। परिजनों ने उसे आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल के ईएमओ डा.विनीत सचान ने बताया कि मरीज बिल्कुल स्वस्थ है। उसे किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।
उधर, सांप डंसने की सूचना पर ग्रामीणों ने ढोल बजवा दिया। इस पर आसपास के तमाम गांवों के ओझा गांव पहुंच गए। वह भी इस घटना को सुनकर हैरत में पड़ गए। थानाध्यक्ष ने हैरानी जताते हुए बताया कि कमासिन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया तो उसने गुस्से में सांप को ही काटकर खा लिया। जिला अस्पताल में व्यक्ति की उपचार किया जा रहा है।


Next Story