उत्तर प्रदेश

Bulandshahr में मंदिर चोरी से हड़कंप, VHP ने उठाए सवाल

Ratna Netam
14 July 2026 4:12 PM IST
Bulandshahr   में मंदिर चोरी से हड़कंप, VHP ने उठाए सवाल
x

Bulandshahr बुलंदशहर : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित श्री नव दुर्गा शक्ति मंदिर परिसर के बाहर बने शनिदेव मंदिर से भगवान शनिदेव की मूर्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्यों और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना खुर्जा नगर क्षेत्र के श्री नव दुर्गा शक्ति मंदिर परिसर के बाहर स्थित शनिदेव मंदिर की है। मंदिर समिति के प्रधान दयानंद कौशिक ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व मंदिर से भगवान शनिदेव की मूर्ति चोरी कर ले गए। सुबह जब मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

घटना के बाद मंदिर समिति की ओर से स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मूर्ति चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाली घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री हरिओम नागर ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब क्षेत्र में किसी धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले नेहरूपुर स्थित जीटी रोड किनारे एक मंदिर में भगवान हनुमान की मूर्ति को भी खंडित किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से हिंदू समाज में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि मूर्ति चोरी करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

वहीं, पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे संदिग्धों की पहचान की जा सके।

पुलिस टीम अन्य साक्ष्यों को भी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके।

मंदिर से मूर्ति चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी की नजरें घटना के खुलासे पर टिकी हुई हैं।

Next Story