उत्तर प्रदेश

Tanda: सरयू नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबकर मौत

Admindelhi1
16 Jun 2025 10:57 AM IST
Tanda: सरयू नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबकर मौत
x
एक अब भी लापता

टांडा: टांडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डुहिया स्थित सरयू नदी के महादेवा घाट पर रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे पांच युवक नदी में नहाने के दौरान डूब गए। स्थानीय नाविकों की मदद से दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक अब भी लापता है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, टांडा के कश्मिरिया मोहल्ला निवासी अजय, विजय, अभिषेक, बृजेश और बब्बी, राम नवल नामक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में भाग लेने महादेवा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद ये सभी युवक नाव से नदी के बीच स्थित रेतीले टापू पर गए और वहां नहाने लगे। इसी दौरान अचानक गहराई में चले जाने से पांचों युवक डूबने लगे।

मौके पर मौजूद नाविक त्रिभुवन मांझी और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बृजेश और बब्बी को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं अभिषेक पुत्र अर्जुन को नदी से बाहर निकालकर टांडा सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राहत व बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

डूबने वालों में अजय और विजय दो सगे भाई हैं। देर शाम गोताखोरों ने अजय का शव भी बरामद कर लिया। जबकि विजय पुत्र चंद्रशेखर की तलाश अब भी जारी है। मौके पर एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।

प्रशासन सक्रिय, सीएम ने जताया दुख

सीओ टांडा शुभम कुमार और कोतवाली प्रभारी दीपक सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं। अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि सभी उपलब्ध संसाधनों से लापता युवक की तलाश की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज और जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता और राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय लोगों की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से महादेवा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story