उत्तर प्रदेश

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी

Rani Sahu
17 Sep 2022 2:44 PM GMT
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी
x
अयोध्या। प्रदेश के जलशक्ति संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का नाम भी नरेंद्र था और देश के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। प्रधानमंत्री आज स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहे हैं। विवेकानंद का कहना था कि भारत मां का स्थान सबसे ऊंचा हो। स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित दो दिवसीय युवा धर्म संसद के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सेवाज्ञ संस्थानम व श्रीराम शोधपीठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आज भारत देश युवाओं का देश कहा जा रहा है। यहां के युवा में ताकत और प्रतिभा की कमी नहीं है, अपने इसी गुण से आज वह पूरे विश्व में सभी क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह धर्म संसद चिंतन-मंथन राष्ट्रवाद की भावना को बलवति करने और जातिवाद, परिवाद व वंशवाद, आतंकवाद को छोड़ युवाओं को योग, जल संचयन, अध्यात्म और संस्कृति की ओर अग्रसर करने के लिए है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास ने की। पहले दिन पहले सत्र में राम और राष्ट्र की अवधारणा पर व्याख्यान, लोकतंत्र में राष्ट्र के विचार और नागरिकता पर संवाद तथा देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
प्रथम सत्र को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय वर्धा के कुलपति रजनीश शुक्ल ने कहा कि जब यूरोप में नेशन और स्टेट की अवधारणा स्थापित हो रही थी, तब हम गुलाम थे, लेकिन तब भी पूरी दुनिया में भारत की स्वीकृत एक राष्ट्र के रूप में थी। मुख्य अतिथि विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि जो लोग अयोध्या के नाम से चिढ़ते थे वह आज अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं।
वरिष्ठ साहित्यकार यतींद्र मिश्र ने कहा कि अयोध्या से राम को नहीं समझा जा सकता, उनको समझने के लिए कबीर, रैदास और रामचरित मानस के पास जाना होगा। साहित्यकार विद्या श्रीनिवासन ने युवाओं से कहा था कि सुनो सबकी और करो अपने मन की। राम जन्मभमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम के व्यवहार को सभी को अपने जीवन में उतारना होगा।
संचालन सहायक प्रोफेसर प्रत्याशी शुक्ला और आभार ज्ञापन संस्थान के संरक्षक मिथिलेश नंदनी शरण ने किया। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, डॉ. अजय प्रताप सिह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, भाजपा महानगर महामंत्री परमानंद मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल व अन्य मौजूद रहे।
Next Story