- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bareli में पुलिस...
Bareli में पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध आत्महत्या, शव पंखे से मिला लटका

BARELI बरेली (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 26 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल शिव कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिव कुमार मेरठ जिले के खाता गांव का रहने वाला था और बरेली के बिथरी चैनपुर थाने में तैनात था। पुलिस के मुताबिक, शिव कुमार 8 अप्रैल 2023 से बिथरी चैनपुर थाने में कार्यरत था। वह बिथरी गांव में एक किराए के कमरे में अकेले रह रहा था। गुरुवार शाम उसके साथी कांस्टेबल उसे बुलाने पहुंचे तो दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि शिव कुमार का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था।
मौके पर तत्काल पुलिस अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सूचना मिलते ही परिवार को खबर दी गई, जो मेरठ से बरेली के लिए रवाना हो गए।बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि अब तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के परिवार के बयान के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिव कुमार अपनी ड्यूटी समय पर करता था और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर कोई शिकायत नहीं थी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कहीं मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव या किसी अन्य कारण से उसने यह कदम तो नहीं उठाया।
इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। साथियों ने बताया कि शिव कुमार मिलनसार स्वभाव का था और कभी भी उसने निजी परेशानियों का जिक्र नहीं किया। उसकी अचानक मौत से सहकर्मी सदमे में हैं।शिव कुमार के मौत की खबर जैसे ही गांव खाता पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। परिवार का कहना है कि शिव कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह नौकरी के लिए गर्व का कारण था। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है।





