उत्तर प्रदेश

Gonda में एक ही घर में सास-बहू की संदिग्ध मौत, लटकते मिले शव

Tara Tandi
10 May 2025 7:58 PM IST
Gonda में एक ही घर में सास-बहू की संदिग्ध मौत, लटकते मिले शव
x
Gonda गोंडा : इटियाथोक थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर लाल नगर गांव की रहने वाली सास बहू की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। दोनों के शव फंदे से लटकते पाए गए‌। बहू का शव उसके कमरे में तथा सास का शव घर के बाहर गन्ने के खेत में शीशम के पेड़ में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को फंदे से नीचे उतारा। देर रात एएसपी व सीओ ने डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस से जानकारी ली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सास और बहू की एक साथ हुई मौत को लेकर परिवार के अन्य लोग सदमें हैं। दोनों ने एक साथ फंदे से लटककर अपनी जान क्यों दी इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस का मानना है कि दोनों ने आत्महत्या की है लेकिन कौन सी ऐसी परिस्थिति रही कि सास और बहू दोनों को मौत को गले लगाना पड़ा इसका जवाब पुलिस के पास नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस घटना से गांव में मातम पसरा है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर लाल नगर गांव के रहने वाले बृजराज के चार बेटे उमानाथ, दीनानाथ, राम जियावन व राजेश हैं। सभी भाइयों में आपसी बंटवारा है और वह अलग-अलग रहते हैं। सभी की शादी भी हो चुकी है। दीनानाथ रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता है जबकि अन्य तीन भाई राजकोट में रहते हैं। दीनानाथ की पत्नी संगीता अपने डेढ़ वर्ष के बेटे के साथ अपने मायके में रहती थी। चार दिन पहले वह ससुराल आई थी। शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे संगीता का बेटा जोर जोर जोर से रोने लगा तो गांव का ही कोई सख्श उसके कमरे के पास गया। कमरा भीतर से बंद था।
उसने भीतर झांक कर देखा तो संगीता का शव फंदे से लटक रहा था और बेटा बगल में बैठा रो रहा था। संगीता का शव लटका होने की सूचना पर गांव में भीड़ जुट गयी। लोगों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद सब्बल की मदद से दीवार तोडकर एक युवक भीतर घुसा और दरवाजे की कुंडी खोली‌। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची इटियाथोक पुलिस घटना की जांच में जुटी थी कि घर से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में लगे शीशम के पेड़ से मृतका की सास छोटका देवी का शव भी फंदे से लटकता दिखाई पड़ा।
सास बहू की एक साथ हुई मौत से गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर बाद एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत, सीओ सदर राजेश सिंह व फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंच गयी। घटना की जांत पड़ताल के बाद दोनों के शवों को फंदे से नीचे उतारकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। पुलिस अफसरों ने परिवार के अन्य सदस्यों व आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी। थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय का कहना है कि संगीता देवी ने आत्महत्या की है। वहीं बहू की मौत के बाद सास छोटका देवी यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने भी फंदे से लटककर जान दे दी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है। इस संबंध में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
Next Story