उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत,हत्या का आरोप

Bharti Sahu 2
17 May 2024 3:27 AM GMT

लखीमपुर: भीरा क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति दो दिन पहले ही पत्नी को मायके से विदा कराकर लाया था। शव पर चोट के निशान देखे जाने से मायके वालों ने पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

भीरा क्षेत्र के गांव बस्तोली निवासी संगीता की शादी एक साल पहले इसी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगदेवपुर मजरा जगन पुरवा निवासी विकास के साथ हुई थी। गुरुवार की देर शाम संगीता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पाकर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। शव देखकर उनमें चीख पुकार मच गई।

मृतका की मां कांता देवी ने बताया कि शादी में उसने दहेज में पुत्री संगीता को बाइक सहित कई अन्य उपहार दिए थे। पुत्री के ससुर फ्रिज की मांग कर रहे थे। उन्होंने आर्थिक स्थिति ठीक न होने की बात कहकर कुछ दिनों में मांग पूरी करने का आश्वासन भी दिया था। इसी बीच कांता देवी की तबियत बिगड़ गई। इस पर चार दिन पहले संगीता अपनी मां को देखने मायके गई थी। बुधवार को पति विकास उसे विदा कराने ससुराल पहुंचा था।

मृतका की मां का आरोप है कि दोपहर में पुत्री के ससुर ने मोबाइल पर कॉल कर फ्रिज लेकर आने की चेतावनी दी थी। फ्रिज न लाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। पति पुत्री को विदा कराकर ले आया। गुरुवार की दोपहर बाद में उन्हें सूचना दी गई कि उसकी पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, लेकिन जब वह मौके पर पहुंची और शव देखा तो शरीर पर चोट के निशान थे।

यह देख परिवार के लोग बिलख पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story