उत्तर प्रदेश

चरित्र पर शक बना दो हत्याओं की वजह, आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
14 Oct 2026 1:24 PM IST
चरित्र पर शक बना दो हत्याओं की वजह, आरोपी गिरफ्तार
x
चरित्र संदेह में दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में हुए दो हत्याओं के आरोपी पति को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।

आरोपी दिनेश रजक ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी रुचि और बीच-बचाव करने आई सास सावित्री की खटिया के पाए से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर गुजरात भाग गया था।

पुलिस के अनुसार, दिनेश की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले के मंझौली की रहने वाली रुचि से हुई थी। 4 अक्टूबर को चरित्र पर शक करने की बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसमें दिनेश मारपीट करने लगा। बेटी को लिवाने आई मां सावित्री जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने खटिया के पाए से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी दोनों के शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर भाग गया। 8 अक्टूबर को बंद कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद ताला तोड़ा गया तो अंदर मां-बेटी की लाशें मिलीं। सुराग मिलते ही गोहपारू पुलिस की टीम आरोपी को पकड़ने गुजरात पहुंची, लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही वह वहां से भाग निकला। गुजरात से भागकर आरोपी गोहपारू इलाके के जंगलों में छिप गया था, जहां पुलिस ने तलाश कर उसे धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Story