उत्तर प्रदेश

निलंबित आईपीएस मणिलाल पाटीदार ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, अदालत ने भेजा जेल

Admin4
16 Oct 2022 11:11 AM GMT
निलंबित आईपीएस मणिलाल पाटीदार ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, अदालत ने भेजा जेल
x

लखनऊ। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष जज लोकेश वरुण ने शनिवार को महोबा के पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार (निलंबित) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

एक खनन कारोबारी की संदिग्ध मौत के मामले में पाटीदार लगभग दो साल से फरार चल रहे थे। सरकार ने पाटीदार पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पाटीदार ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपर जिला सत्र न्यायाधीश की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। भष्टाचार निवारण अधिनियम के मामलों की विशेष अदालत ने पाटीदार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पाटीदार जब महोबा के पुलिस अधीक्षक थे, उस समय खनन कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये थे। इतना ही नहीं त्रिपाठी ने अपने आरोपों का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर 7 सितंबर 2020 को वायरल कर दिया था। इसके दो दिन बाद त्रिपाठी संदिग्ध परिस्थितियों में गोलीबारी के शिकार हो गये। गोली लगने के घायल हुए त्रिपाठी की 14 सितंबर को मौत हो गयी।

इसके बाद पाटीदार सहित तीन अन्य के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया। सरकार ने विशेष जांच टीम गठित कर मामले की गहनता से तफ्तीश करने के आदेश दिये। इसके बाद से ही पाटीदार फरार चल रहे थे।

उनके खिलाफ व्यापारी के भाई रविकांत ने कबरई थाना में मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसमें उस वक्त एसपी का कार्यभार संभाल रहे मणिलाल पाटीदार व कबरई थानाध्यक्ष देवेंद्र शुक्ला समेत अन्य लोगों को नामजद किया था।

सरकारी वकील अभय त्रिपाठी के अनुसार, मामले में राज्य सरकार के आदेश पर गठित एसआईटी की जांच में भी तत्कालीन एसपी पाटीदार और अन्य पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। इस मामले में थानाध्यक्ष देवेन्द्र सहित चार सिपाहियों को बर्खास्त कर दिया गया । ये सभी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि मणिलाल पाटीदार पिछले दो साल से फरार चल रहे थे। उनकी तलाश में एसटीएफ समेत कई थानों की फोर्स लगी हुई थी। उन्हें भगोड़ा घोषित करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था। कोर्ट ने उनकी सम्पत्ति को भी कुर्क करने के आदेश दिए थे। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इस मामले में आज उन्होंने लखनऊ में एडीजे-9 की कोर्ट में आत्मसमपर्ण कर दिया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Admin4

Admin4

    Next Story