- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- हत्या की आशंका, लापता...

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के पारा व ठाकुरगंज इलाके से गुमशुदा कारपेंटर व वाहन चालक का शव नहर और गोमतीनदी में उतराता मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जतायी है। पारा हंसखेड़ा निवासी विनय उर्फ वीरेन्द्र प्रताप शर्मा के मुताबिक 48 वर्षीय पिता राधेश्याम बीते बुधवार की शाम करीब 7 बजे घरेलू विवाद के बाद घर से निकले थे।
काफी खोजबीन के बाद न मिलने पर पारा कोतवाली में सूचना दी थी। शुक्रवार को पिता का शव कुल्हड़ कटा मोड के पास नहर में उतराता मिला। बेटी खुशबू के मुताबिक पिता के दोनों हाथ बनियान से पीछे की तरफ बंधे थे। खुशबू का आरोप है कि डूडा कॉलोनी में रहने वाले युवक ने कई बार भाई विनय और पिता से अभद्रता की थी। जिसका विरोध राधेश्याम ने किया था।
ऐसे में शक है कि युवक ने साथियों की मदद से राधेश्याम की हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया है। इंस्पेक्टर पारा दधिबल तिवारी ने बताया कि बेटे की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन की जा रही थी। शुक्रवार को नहर के किनारे राधेश्याम का शव मिला है। आशंका जतायी जा रही है कि नहर में कूदकर आत्महत्या की है। मृतक के शरीर पर जाहिरा चोट के निशान नहीं दिखाई दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्टï कारण का पता चलेगा।
चार सितंबर से था लापता
जनपद उन्नाव हाल पता चौक लाजपत नगर निवासी मुदित सोनकर के मुताबिक उसका भाई आदित्य सोनकर 21 वर्ष बीते चार सितंबर से गायब था। खोजबीन के बाद गुमशुदगी ठाकुरगंज थाने में दर्ज करायी थी। शुक्रवार को आदित्य का शव गुलालाघाट के पास गोमती नदी में उतराता मिला। एसआई संजीव ने बताया कि आदित्य गुलालाघाट स्थित भैरव जी के मंदिर पर भैरव अष्टïमी को दर्शन करने भाई मुदित के साथ गया था। तभी से वह लापता था। मृतक के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं दिखाई दिया है। मृतक निजी वाहन चलाता था।