- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sultanpur: महिला ने...
Sultanpur: महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया

सुलतानपुर: जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति परिवार की आजीविका के लिए परदेश में रहकर काम करते हैं और वह बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती है। इस दौरान उसका देवर अक्सर उसे परेशान करता रहा है। आरोप है कि 19 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे देवर ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, देवर ने उसका मुंह दबा दिया, जमीन पर गिरा दिया और अश्लील हरकतें करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया।
महिला ने बताया कि शोर मचाने और संघर्ष करने के बाद किसी तरह वह खुद को बचाने में सफल हुई। जाते-जाते आरोपी देवर ने धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानी तो उसके दोनों बच्चों की जान ले लेगा।
कुड़वार थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।





