उत्तर प्रदेश

Sultanpur: जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हुई

Admindelhi1
24 Feb 2025 8:56 AM IST
Sultanpur: जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हुई
x
"परिवारों में मचा कोहराम"

सुल्तानपुर: सुल्तानपुर जिले में रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र से आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु की बस से कुचलकर मौत हो गई, वहीं श्रद्धालुओं से भरी जीप ने एक युवक को टक्कर मार दी। एक अन्य हादसे में बहन के घर जा रहे युवक को चार पहिया वाहन ने रौंद दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।

श्रद्धालुओं से भरी जीप ने युवक को कुचला: रविवार सुबह करीब 11 बजे जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरुआ सिकरा निवासी अभय सिंह (22) पुत्र ओम प्रकाश सिंह बरौंसा संपर्क मार्ग से बरौंसा जा रहे थे। जब वे जयसिंहपुर गैस एजेंसी के पास पहुंचे, तभी कर्नाटक के श्रद्धालुओं से भरी जीप ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल अभय को सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं से भरी जीप को कब्जे में ले लिया। अभय की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बहन के घर जा रहे युवक को पिकअप ने मारी टक्कर: इसी थाना क्षेत्र के नुमाए गांव निवासी सावन गुप्ता (24) पुत्र पवन कुमार, अपनी भाभी नीतू के साथ धनपतगंज थाना क्षेत्र के मायंग गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जब वे बगिया चौराहा पीढ़ी संपर्क मार्ग पर पीढ़ी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सावन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सड़क पार कर रहे बुजुर्ग श्रद्धालु को बस ने कुचला: महाराष्ट्र के ठाणे निवासी जनेश्वर कुमार त्यागी (74) अपनी पत्नी, पुत्र और पुत्रवधू के साथ प्रयागराज में महाकुंभ स्नान करने आए थे। स्नान के बाद वे अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुए। सुबह के वक्त, जब उनका परिवार कोतवाली देहात क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबे पर चाय पीने रुका, तभी जनेश्वर लघुशंका के लिए सड़क पार कर रहे थे कि तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया।

स्थानीय लोगों ने घायल श्रद्धालु को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जनेश्वर की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी, बेटे और बहू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद श्रद्धालु हुए बेहाल: श्रद्धालुओं से भरी जीप को जब पुलिस ने कब्जे में लिया, तो उसमें सवार करीब दर्जनभर कर्नाटक के श्रद्धालु बिना वाहन के रह गए। ये श्रद्धालु जयसिंहपुर कोतवाली के आसपास भटकते नजर आए।

अत्यधिक रक्तस्राव बना दोनों युवकों की मौत की वजह: जीप की टक्कर से घायल अभय सिंह को सिर में गंभीर चोट लगी थी। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई। इसी तरह, सावन गुप्ता को भी सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उनका अत्यधिक खून बह गया और उन्होंने दम तोड़ दिया।

शादी वाले घरों में मचा मातम: अभय सिंह के घर में दो दिन पहले ही उनकी चचेरी बहन की शादी हुई थी। जहां घर में मांगलिक गीत गूंज रहे थे, वहीं अब मातम छा गया।

इसी तरह, सावन गुप्ता अपने बहन के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन उनकी मौत की खबर मिलते ही वहां खुशी की जगह मातम पसर गया। सावन के परिवार में भी शादी की तैयारियां चल रही थीं—25 फरवरी को तिलक और 2 मार्च को शादी होनी थी, लेकिन अब उनके घर में मातम छा गया है।

पुलिस ने कब्जे में लिए वाहन, कार्रवाई जारी: जयसिंहपुर कोतवाल अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि दोनों हादसों में शामिल वाहन जब्त कर लिए गए हैं। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story