- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sultanpur: ईंट से से...

सुलतानपुर: जिले के केनौरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बचाने पहुंची 18 वर्षीय बहन को भी आरोपी ने बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना रविवार रात की है। केनौरा गांव निवासी हृदयलाल (55) घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी विमला किसी काम से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान उनका इकलौता बेटा श्रवण (30) शराब के नशे में घर आया और पिता से कहासुनी के बाद ईंट से हमला कर दिया। हृदयलाल की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई छोटी बेटी अमीषा (18) पर भी श्रवण ने ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने हृदयलाल को मृत घोषित कर दिया। अमीषा का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पत्नी विमला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, श्रवण पहले भी शराब के नशे में घर में झगड़े करता था और कुछ दिन पहले उसने मां पर भी हाथ उठाया था।
हृदयलाल के पांच संतानें थीं चार बेटियां और एक बेटा। बेटियों में सरोजा (35), मनोजा (32) और मनीषा (24) की शादी हो चुकी है। अमीषा और श्रवण घर पर ही रहते थे। घटना के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल है।





