उत्तर प्रदेश

Sultanpur: अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई

Admindelhi1
11 Jun 2025 6:09 AM GMT
Sultanpur: अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पेड़ से टकराई
x
पांच की हालत नाजुक

सुलतानपुर: दोपहर अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कूरेभार थाना क्षेत्र के दखिनवारा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के अहिल्ल्यानगर जिले के निवासी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अयोध्या दर्शन के बाद वापस लौट रही थी, तभी अचानक वह नियंत्रण खो बैठी और सीधा पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

राहत कार्य में जुटे ग्रामीणों और एम्बुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कूरेभार पहुंचाया गया। वहां डॉ. बी.के. गौतम और उनकी टीम ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। स्थिति गंभीर होने पर तीन महिला और दो पुरुष श्रद्धालुओं को सुलतानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष कूरेभार रवींद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रहा है। वहीं डॉ. बीके गौतम ने जानकारी दी कि घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं, जबकि बाकी पांच की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु सोमनाथ अपने गांव के सरपंच हैं। उनके साथ उज्ज्वला नामक महिला और तीन अन्य महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। फिलहाल, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है और उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Next Story