- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sultanpur: आपसी रंजिश...
Sultanpur: आपसी रंजिश में भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट

सुलतानपुर: रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना रविवार सुबह कूरेभार थाना क्षेत्र के धर्मदासपुर गांव में सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही मौसेरे भाई की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रजनू पुत्र जयसू गांव के एक बाग की ओर कुल्हाड़ी लेकर जा रहा था। वहीं पहले से मौजूद गुलफाम पुत्र स्व. भोकन ने उसे टोका, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रजनू ने अचानक गुलफाम पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले इतने गंभीर थे कि गुलफाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गांववालों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में सीओ बल्दीराय सौरभ सावंत, कूरेभार एसओ शारदेंदु दुबे और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से सबूत जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रजनू का आपराधिक इतिहास रहा है। वह एक साल पहले ही जेल से रिहा हुआ था और उस पर पूर्व में देवरिया में पुलिस पर हमले का आरोप भी लग चुका है। फिलहाल आरोपी हिरासत में है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक गुलफाम अपने पीछे पत्नी रूबी और एक वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। थाना प्रभारी शारदेंदु दुबे ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





