उत्तर प्रदेश

Sultanpur: तड़के सुल्तानपुर में कार्रवाई, एक लाख का इनामी ढेर

Admindelhi1
5 Jan 2026 10:57 AM IST
Sultanpur: तड़के सुल्तानपुर में कार्रवाई, एक लाख का इनामी ढेर
x

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात इनामी अपराधी मुठभेड़ में मारा गया। बदमाश लखीमपुर खीरी जिले का निवासी था और लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था।

यह मुठभेड़ लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियरा मोड़ के पास उस समय हुई, जब एसटीएफ और पुलिस की टीम सुल्तानपुर–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लंभुआ पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मारे गए बदमाश की पहचान तालिब उर्फ आजम खान (26) के रूप में हुई है। वह लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार तालिब पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।

नेशनल हाईवे स्थित पुलिस चौकी से चंद मीटर की दूरी पर स्थित होटल पर दबंगों ने जमकर की मारपीट ये खबर भी पढ़े : नेशनल हाईवे स्थित पुलिस चौकी से चंद मीटर की दूरी पर स्थित होटल पर दबंगों ने जमकर की मारपीट

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृत बदमाश के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उस पर लखीमपुर खीरी जिले में कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई को पुलिस और एसटीएफ के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Next Story