उत्तर प्रदेश

भूतेश्वर अंडरपास पर अचानक गिट्टियों की ‘बरसात’, बड़ा हादसा टला, आधे घंटे लगा जाम

nidhi
14 Oct 2026 8:25 AM IST
भूतेश्वर अंडरपास पर अचानक गिट्टियों की ‘बरसात’, बड़ा हादसा टला, आधे घंटे लगा जाम
x
दहशत में रुके राहगीर और थमा यातायात
मथुरा: भूतेश्वर अंडरपास पर मंगलवार दोपहर मालगाड़ी से गिट्टियां नीचे सड़क पर गिरने से राहगीर घबरा गए और यातायात रुक गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सड़क पर गिट्टियां फैलने से करीब आधे घंटे तक जाम रहा।
दोपहर लगभग ढाई बजे चौथी रेलवे लाइन पर मालगाड़ी से गिट्टियां डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक डिब्बे से बड़ी मात्रा में गिट्टियां अंडरपास की सड़क पर गिर गईं। राहगीर और वाहन चालक वहीं रुक गए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई।
यातायात प्रभारी शौर्य कुमार पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने लोगों को सुरक्षित निकालने और वाहनों की आवाजाही बहाल कराने का प्रयास किया। बाद में रेलवे ने सड़क से गिट्टियां हटवाईं, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
यातायात प्रभारी ने रेलवे की ओर से सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने की बात कही। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि संबंधित लोगों को सावधानी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना ने व्यस्त अंडरपास के ऊपर काम के दौरान राहगीरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
Next Story