उत्तर प्रदेश

‘मुझसे कुछ नहीं होगा भैया जी’ लिखकर छात्रा ने की आत्महत्या

Saba Naaz
23 Jun 2026 5:37 PM IST
‘मुझसे कुछ नहीं होगा भैया जी’ लिखकर छात्रा ने की आत्महत्या
x

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां NEET परीक्षा देकर लौटी 19 वर्षीय छात्रा चंचल भारती ने आत्महत्या कर ली. परीक्षा देने के बाद घर लौटी छात्रा कुछ ही घंटों बाद अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली. परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के अनुसार, चंचल भारती सदर कोतवाली क्षेत्र के चौपरिया टोला कंचनपुर की रहने वाली थी. वह सोमवार को गोरखपुर में आयोजित NEET परीक्षा देकर घर लौटी थी. परिजनों के मुताबिक, परीक्षा के बाद से ही वह बेहद निराश थी और बार-बार कह रही थी कि उसका पेपर अच्छा नहीं गया. वह अपने उत्तरों का मिलान कर रही थी और तनाव में दिख रही थी.

कुछ देर बाद जब घर में शांति थी, तभी वह अपने कमरे में चली गई. काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ. दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई थी. परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद कमरे से एक प्रश्नपत्र बरामद हुआ, जिस पर चंचल की हैंडराइटिंग में लिखा था— “मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भैया जी”. यह संदेश पुलिस जांच का हिस्सा बन गया है. पुलिस ने प्रश्नपत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और हैंडराइटिंग सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

बताया गया कि चंचल एक किसान परिवार से थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी. उसके परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं. बड़ा भाई पहले से डॉक्टर है और दूसरा भाई निजी क्षेत्र में काम करता है. परिजनों का कहना है कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं था, लेकिन परीक्षा के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी.

इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Next Story