उत्तर प्रदेश

संतकबीरनगर में आसमान से गिरी अजीब सी चीज, सकते में ग्रामीण

Manish Sahu
31 Aug 2023 4:45 PM GMT
संतकबीरनगर में आसमान से गिरी अजीब सी चीज, सकते में ग्रामीण
x
उत्तरप्रदेश: पूर्वी यूपी के संतकबीरनगर में खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रसहरा में गुरुवार को आसमान से जमीन पर अजीब चीज गिरी। इससे ग्रामीण सकते में आ गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ गांव में पहुंची फोरेंसिक टीम ने आसमान से गिरी चीज का मुआयना शुरू किया है। टीम उसे अपने साथ ले गई है। हालांकि यह क्या है, अभी इसका पता नहीं चल सका है।
आज से करीब एक महीने पहले ज़िले में फाइटर जेट का फ्यूल टैंक गिरने का मामला भी सामने आया था और एक महीने बाद एक बार फिर अजीब चीज गिरने की घटना हुई। मौके पर पहुंची पुलिस उक्त चीज अपने साथ ले गई है। इस संबंध में पुलिस कुछ भी बताने में असमर्थता व्यक्त कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। आसमान से गिरी चीज क्या है इसकी स्पष्ट जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं जानकारों की मानें तो गांव में गिरी हुई चीज एक रेडियो डिवाइस है, लेकिन पुलिस की तरफ से देर शाम तक इस मामले पर कोई भी बयान जारी नही किया गया है कि आख़िर आसमान से गांव में गिरी हुई ये चीज क्या है।
जानकारों का मानना है कि आसमान से गिरी हुई चीज रेडियोसोंड डिवाइस है। मौसम की जानकारी के लिए इस यंत्र को एक गुब्बारे के सहारे आसमान में छोड़ा जाता है। यदि यह रेडियो डिवाइस है तो आख़िर इस डिवाइस को आसमान में किसने और कहां से उड़ाया है इसको लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जांच के बाद ही मालूम होगा कि आख़िर डिवाइस कहां से उड़ाई गई है और उड़ाने वाले का मकसद आख़िर क्या था।
डिवाइस को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रसहरा गांव निवासी राम दयाल, रामू सहित तमाम ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर बाद आसमान से अज्ञात वस्तु गिरी है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेन्सिक टीम जांच में जुट गई। अभी पूर्व में क्षेत्र के बालूशासन के सिवान में प्लेन का फ्यूल टैंक गिरने से लोगों में कौतुहल का विषय बन गया था।

Next Story