उत्तर प्रदेश

Dehradun में संदिग्ध मौत से हड़कंप, सहारनपुर परिवार ने मांगा न्याय

Ratna Netam
19 July 2026 6:13 PM IST
Dehradun  में संदिग्ध मौत से हड़कंप, सहारनपुर परिवार ने मांगा न्याय
x

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर जनपद के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव फिराहेड़ी निवासी एक युवक की देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव नदी से बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बेटे के चार दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के विकासनगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, फिराहेड़ी गांव निवासी शांतनु (25 वर्ष) सहारनपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया गया कि 16 जुलाई को वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने के लिए देहरादून गया था। इस दौरान देहरादून के विकासनगर थाना क्षेत्र में उसका शव नदी से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

शांतनु के पिता सुखदेव उर्फ बॉबी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के साथ गए चारों दोस्तों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। पिता का कहना है कि पुलिस को इन युवकों ने नदी में डूबने से मौत होने की जानकारी दी थी, लेकिन उन्हें पूरे मामले पर संदेह है।

सुखदेव ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उन्होंने जमीन बेची थी और उस रकम से मकान का निर्माण कराया था। इसी दौरान उनके बेटे शांतनु ने अपनी हिस्से की कुछ रकम अपने चार दोस्तों को उधार दी थी। आरोप है कि दोस्त लंबे समय से यह पैसा वापस नहीं कर रहे थे। शांतनु कई बार उनसे अपने रुपये वापस मांग रहा था।

पिता के अनुसार, रुपये के लेन-देन को लेकर ही उनके बेटे और दोस्तों के बीच विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी वजह से चारों युवकों ने शांतनु को घूमने के बहाने अपने साथ ले जाकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।

सुखदेव ने बताया कि उन्हें पहले से ही बेटे के दोस्तों पर भरोसा नहीं था। उन्होंने कई बार शांतनु को इन युवकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी, लेकिन वह उनके संपर्क में बना रहा। पिता का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि यही दोस्त उसके बेटे की जान के दुश्मन बन जाएंगे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, देहरादून पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मृतक के साथ गए युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल मामला हत्या और हादसे के बीच उलझा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शांतनु की मौत नदी में डूबने से हुई या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण था। परिवार को पुलिस जांच से न्याय की उम्मीद है।

Next Story