उत्तर प्रदेश

सिंगर अंकित बालियान केस में STF की दबिश भोलू की तलाश तेज

nidhi
29 Aug 2026 7:22 AM IST
सिंगर अंकित बालियान केस में STF की दबिश भोलू की तलाश तेज
x
हरियाणा पहुंची STF भोलू की तलाश में जुटी पुलिस

शामली : हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस ने तेजी बढ़ा दी है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब अंकित के आईफोन को फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस को शक है कि मोबाइल फोन में मौजूद चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल जानकारी से हत्या की साजिश और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने उनका आईफोन-17 प्रो कब्जे में लिया था, लेकिन फोन पर सिक्योरिटी लॉक होने के कारण जांच टीम को अभी तक कोई अहम जानकारी नहीं मिल पाई है। अब मोबाइल का लॉक खुलवाने और डिजिटल डेटा हासिल करने के लिए इसे फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजा जाएगा।
व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
जांच एजेंसियां अंकित के मोबाइल से जुड़े सभी डिजिटल सबूत जुटाने में लगी हैं। पुलिस व्हाट्सएप चैट, कॉल हिस्ट्री, मैसेज और अन्य सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि घटना से पहले अंकित की किस-किस से बातचीत हुई थी और किसी तरह का विवाद या धमकी मिली थी या नहीं, इसकी जानकारी मोबाइल जांच से सामने आ सकती है।
भोलू की तलाश में हरियाणा पहुंची STF
अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद राहुल उर्फ भोलू की तलाश तेज कर दी गई है। STF और पुलिस की टीमें हरियाणा पहुंचकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस गैंग कनेक्शन और हत्या की साजिश से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले भोलू और उसके नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के आधार पर भी पुलिस सबूत जुटा रही है।
जिम के बाहर गोली मारकर हुई थी हत्या
बता दें कि शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है। पुलिस अब इस मामले में हत्या की वजह, शूटरों की पहचान और साजिशकर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। डिजिटल सबूतों और STF की कार्रवाई से जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
Next Story