उत्तर प्रदेश

एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, नसीम दुर्रानी मुठभेड़ में मारा गया

Admindelhi1
20 Nov 2026 1:27 PM IST
एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, नसीम दुर्रानी मुठभेड़ में मारा गया
x
सिकंदराबाद में पुलिस से मुठभेड़, अस्पताल में नसीम मृत घोषित

नोएडा: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के संयुक्त अभियान में नसीम दुर्रानी की गोली लगने से मौत हो गई। बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी पर दिल्ली से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि बीती रात नसीम के सिकंदराबाद क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात के इरादे से पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर दोनों टीमों ने संयुक्त घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि घिरने पर नसीम ने टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लगी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

एडीजी के अनुसार, नसीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या के चार मामलों सहित कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, चोरी, बलवा और लूटपाट से संबंधित मामले भी शामिल हैं।

पुलिस ने नसीम के दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील से जुड़े होने का दावा किया है। एडीजी ने बताया कि उसने छोटा शकील के कहने पर तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि, उस घटना से पहले दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस के मुताबिक, नसीम दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में दो महीने के भीतर हुई दो हत्याओं में भी शामिल था। उस पर 16 नवंबर को दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का भी आरोप था।

Next Story