- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- जौनपुर में बहूभोज के...
उत्तर प्रदेश
जौनपुर में बहूभोज के दौरान चाकूबाजी, युवक की मौत से मचा कोहराम
nidhi
28 Nov 2026 8:59 AM IST

x
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ककुहा गांव में शुक्रवार रात बहूभोज कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मारपीट और चाकूबाजी की घटना में 26 वर्षीय बिंद्रेश राजभर उर्फ कल्लू की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय रितेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शुक्रवार को ककुहा गांव निवासी मनीष तिवारी के घर बहूभोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। टेंट लगाने का काम करने वाले ऋतिक राजभर ने विवाद के बाद अपने परिचितों को फोन करके बुलाया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान रितेश तिवारी के चेहरे पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
किशोर के घायल होने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने बिंद्रेश को घेरकर कथित तौर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बिंद्रेश को मृत घोषित कर दिया। शादी के बाद आयोजित बहूभोज की खुशियां इस घटना के चलते मातम में बदल गईं। बिंद्रेश की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी और गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। बताया जा रहा है कि बिंद्रेश पंजाब में छोले-भटूरे बेचकर अपनी आजीविका चलाता था। करीब 15 दिन पहले ही वह अपने गांव लौटा था। वहीं, घायल रितेश मुंबई से दो दिन पहले बहूभोज कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गांव के दो पक्षों के बीच बहूभोज के दौरान विवाद हुआ था। मारपीट में एक युवक की मौत और एक किशोर के घायल होने की पुष्टि हुई है। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत प्राप्त कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विवाद के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गांव में पुलिस बल की मौजूदगी में शांति व्यवस्था कायम है।
Next Story





