उत्तर प्रदेश

एसटी हसन ने अनुराग ठाकुर पर साधा निशाना

SHIDDHANT
25 Aug 2025 9:54 PM IST
एसटी हसन ने अनुराग ठाकुर पर साधा निशाना
x

UP उत्तर प्रदेश : पूर्व सपा सांसद डॉक्टर एसटी हसन ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी। हसन ने कहा कि अनुराग ठाकुर अक्सर अपनी राजनीति चमकाने के लिए विवादित बयान देते रहते हैं। कभी वे गोली चलाने वाले बयान देते हैं, तो कभी धार्मिक या अन्य प्रकार के बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 11 साल से भाजपा केवल धर्म की राजनीति कर रही है और विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया गया। दरअसल, अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पीएम नवोदय विद्यालय पेखूबेला में अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अंतरिक्ष जाने वाला पहला व्यक्ति हनुमान जी थे। इस बयान पर अखिलेश यादव ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी, जिसे हसन ने भी सही ठहराया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग एस्ट्रोनॉमी नहीं, एस्ट्रोलॉजी में विश्वास रखते हैं।

एसटी हसन ने निष्कासित सपा विधायक पूजा पाल द्वारा अपनी जान को खतरा बताने वाले बयान पर भी कहा कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सरल स्वभाव के इंसान हैं और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते। हसन ने गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जाने वाले पीएम-सीएम को हटाने वाले विधेयक पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस विधेयक में दिखावे के लिए प्रधानमंत्री के पद को भी शामिल कर दिया गया है, लेकिन वास्तव में देश में कोई इतना साहसी नहीं है कि प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए। उन्होंने केजरीवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जेल में रहने के बावजूद वह मुख्यमंत्री पद पर बने रहे। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए हसन ने कहा कि यदि ईडी और सीबीआई के जरिए किसी को 30 दिन के लिए गिरफ्तार कर लिया जाए, तो उसका राजनीतिक करियर खत्‍म हो जाएगा। वर्तमान सरकार को ऐसा विश्वास है कि सत्ता हमेशा उन्हीं के हाथ में रहेगी।

Next Story