- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मेट्रिमोनी प्लान पर...
मेट्रिमोनी प्लान पर खर्च किए 53,900 रुपये, पुलिस ने लौटाए 20 हजार

मीरजापुर: शादी के लिए ऑनलाइन मेट्रिमोनी प्लान खरीदने वाले हरिओम गुप्ता को बताई गई सुविधाओं की जगह अतिरिक्त पैसों की मांग का सामना करना पड़ा। सुन्दरघाट निवासी हरिओम ने प्लान पर 53,900 रुपये खर्च किए थे। ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराने के बाद कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने उनके खाते में 20 हजार रुपये वापस कराए हैं।
पुलिस के अनुसार, हरिओम गुप्ता पुत्र रवि प्रकाश गुप्ता ने 10 अक्टूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि शादी के लिए मेट्रिमोनी सेंटर का प्लान खरीदा था, लेकिन उसमें बताई गई सेवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। इसके बावजूद उनसे लगातार और पैसे मांगे जा रहे थे। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने मामले की शिकायत की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने जांच की। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता के खाते में 20 हजार रुपये वापस कराए गए।
रकम वापस मिलने पर हरिओम ने पुलिस टीम का आभार जताया। साइबर सेल ने उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।





