- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- हैंगआउट जोन में...

प्रयागराज जंक्शन: अब सिर्फ यात्रियों के आने-जाने का स्थान नहीं रहेगा, बल्कि यह शहर के एक बड़े आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित होने जा रहा है। रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन को आधुनिक सिटी सेंटर और कमर्शियल हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत स्टेशन परिसर में करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में एक ऐसा आधुनिक हैंगआउट जोन बनाया जाएगा, जहां यात्रियों के साथ-साथ शहर के लोगों को भी मनोरंजन, खरीदारी और खानपान की सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे के वाणिज्य विभाग की ओर से तैयार किए गए इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अगस्त महीने से इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी है। योजना के अनुसार अगले 24 महीनों में इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। माघ मेले से पहले इसके कुछ हिस्सों को तैयार करने की भी योजना बनाई जा रही है।
प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में बनी 45 मीटर ऊंची नौ मंजिला इमारत को इस सिटी सेंटर का मुख्य केंद्र बनाया जाएगा। यह भवन भविष्य में शहर के आधुनिक विकास की पहचान बनेगा। रेलवे की योजना है कि इस परिसर में हर आयु वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस आधुनिक सिटी सेंटर में फूड कोर्ट सबसे बड़ा आकर्षण होगा। यहां प्रयागराज के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड से लेकर देश-विदेश के व्यंजनों का स्वाद एक ही जगह मिलेगा। इसके अलावा युवाओं को ध्यान में रखते हुए गेमिंग जोन और टर्फ स्पोर्ट्स की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इसमें वीआर गेमिंग, रेसिंग सिमुलेटर, बॉक्स क्रिकेट और बैडमिंटन जैसे खेलों की व्यवस्था होगी।
बच्चों और परिवारों के लिए फन पार्क, आधुनिक झूले, मनोरंजन क्षेत्र और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाए जाएंगे। यहां ब्रांडेड आउटलेट्स और मल्टीप्लेक्स की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे लोगों को मनोरंजन और खरीदारी के लिए शहर के दूसरे इलाकों में जाने की जरूरत कम होगी।
इस परियोजना में कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। तीसरी मंजिल से लेकर नौवीं मंजिल तक बिजनेस और कॉर्पोरेट गतिविधियों के लिए स्थान निर्धारित किया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इससे शहर में नई कंपनियों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन भवन को भी बेहतर बनाया जाएगा। प्रथम तल पर एक बड़ा कॉनकोर्स एरिया तैयार किया जाएगा, जहां से यात्री 12 मीटर चौड़े स्काईवॉक और एस्केलेटर के जरिए सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। इससे यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी और स्टेशन पर आवागमन आसान होगा।
पूरे परिसर को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए सुरक्षा, ऊर्जा प्रबंधन और अन्य सुविधाओं को नियंत्रित किया जाएगा। साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए भी इसे पूरी तरह सुविधाजनक बनाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना सिर्फ स्टेशन के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रयागराज शहर के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे रेलवे को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और स्थानीय स्तर पर हजारों लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
प्रयागराज जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक शहर में यह सिटी सेंटर पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगा। संगम नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी एक आधुनिक सुविधा केंद्र मिलेगा। आने वाले समय में प्रयागराज जंक्शन देश के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल हो सकता है।





