उत्तर प्रदेश

Rain में भी सपा कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल, पुलिस ने छीना पुतला

Ratna Netam
25 July 2026 4:30 PM IST
Rain  में भी सपा कार्यकर्ताओं का हल्लाबोल, पुलिस ने छीना पुतला
x

मेरठ : नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध के बीच शनिवार को मेरठ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला लेकर पहुंचे थे। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतला प्रदर्शन करने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर खींचतान भी हुई। काफी देर तक चले प्रयास के बाद पुलिसकर्मी पुतले को अपने कब्जे में लेकर वहां से चले गए।

पुलिस की कार्रवाई के बाद भी सपा कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहा। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी से लाखों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ता है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने नीट परीक्षा विवाद को लेकर अपनी मांगें रखीं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। सपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई नारे लगाए। इनमें "अखिलेश यादव जिंदाबाद", "धर्मेंद्र प्रधान मुर्दाबाद", "समाजवादी पार्टी जिंदाबाद" और "मुलायम सिंह यादव अमर रहें" जैसे नारे शामिल रहे। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे।

सपा नेताओं ने कहा कि छात्र कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना था कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पारदर्शिता बेहद जरूरी है, क्योंकि देशभर के लाखों युवा अपने भविष्य के लिए इन परीक्षाओं पर निर्भर रहते हैं। किसी भी तरह की अनियमितता मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय है।

वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क रहा। कमिश्नरी चौराहे पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति को नियंत्रित रखा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया।

नीट पेपर लीक का मुद्दा अब राजनीतिक रूप से भी गर्माता जा रहा है। विभिन्न छात्र संगठन और राजनीतिक दल लगातार परीक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मेरठ में समाजवादी पार्टी का यह प्रदर्शन भी इसी विरोध अभियान का हिस्सा रहा।

Next Story