उत्तर प्रदेश

अखिलेश के आगरा दौरे से पहले विवादित पोस्टरों पर भड़के सपा कार्यकर्ता

jantaserishta.com
15 Nov 2026 1:27 PM IST
अखिलेश के आगरा दौरे से पहले विवादित पोस्टरों पर भड़के सपा कार्यकर्ता
x
आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रविवार को आगरा दौरे से पहले ही शहर का सियासी माहौल गरमा गया। एक ओर पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विशाल दलित सम्मेलन की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कुछ स्थानों पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। पोस्टरों की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर उतारे और फाड़ दिए।
समाजवादी पार्टी रविवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में दलित सम्मेलन आयोजित कर रही है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से दलित समाज के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। पार्टी इस आयोजन के जरिए दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के साथ पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को मजबूती देने की रणनीति पर काम कर रही है।
हालांकि, अखिलेश यादव के आगरा दौरे से पहले ही सम्मेलन को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया के माध्यम से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए दलित सम्मेलन की प्रासंगिकता और पार्टी में दलित नेतृत्व की भागीदारी पर सवाल उठाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दलित समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की बात करने वाली समाजवादी पार्टी के लिए क्या दलित नेतृत्व की भागीदारी केवल मंच से भाषण देने तक सीमित है? उन्होंने कहा कि खेरिया एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के स्वागत करने वाले सपा नेताओं की सूची में एक भी दलित नेता का नाम नजर नहीं आना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
ब्रजेश पाठक ने सवाल किया कि आखिर यह कैसी राजनीति है, जहां दलितों के नाम पर सम्मेलन तो आयोजित किया जाता है, लेकिन दलित नेताओं को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व में जगह देने का सवाल आता है तो उनकी भागीदारी दिखाई नहीं देती। अखिलेश यादव को इसका जवाब देना चाहिए कि दलित समाज को केवल राजनीतिक आयोजनों की भीड़ समझा जा रहा है या वास्तव में उसे सम्मान और बराबरी का स्थान भी दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल को लेकर भी आरोप लगाया कि पार्टी की सरकार जब-जब सत्ता में रही है, दलित समाज पर अनाचार और अत्याचार बढ़ा है। इस तरह अखिलेश यादव के आगरा दौरे और दलित सम्मेलन से पहले ही पोस्टर विवाद तथा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ने शहर की सियासत को गरमा दिया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story