- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मैनपुरी सीट पर सपा ने...
मैनपुरी सीट पर सपा ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल को मैदान में उतारा, बीजेपी ने ली चुटकी

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो गई थी। मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह की परंपरागत सीट थी। ये सीट सपा के ही कब्जे में रही है। मुलायम सिंह के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी।
सपा ने इस अब इस सीट पर अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को मैदान में उतारा है। पहले सी ही अनुमान लगाया जा रहा था कि यादव परिवार से ही कोई इस सीट पर चुनाव लड़ेगा। डिंपल यादव पहले भी लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने 2009 में पहला चुनाव लड़ा था। उस समय अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद सीट छोड़ी थी। उपचुनाव में डिंपल यादव हार गई थी। उन्हें कांग्रेस के राज बब्बर से शिकस्त मिली थी।
इसके बाद डिंपल यादव ने 2014 में कन्नौज सीट से लोकसभा का आम चुनाव जीता था। 2019 में भी वो चुनावी मैदान में उतरी थीं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बीजेपी के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को हरा दिया था। अब एक बार फिर से डिंपल यादव चुनावी मैदान में उतरी हैं। 1996 से मैनपुरी सीट सपा के कब्जे में हैं।
2022 में सपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी चुनाव में अपना प्रत्याशी उतार दिया है। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उपचुनाव में रमाकांत कश्यप को मैदान में उतारा है। रमाकांत कश्यप इटावा के रहने वाले हैं। अभी तक बीजेपी ने इस सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।
बीजेपी ने डिंपल यादव के प्रत्याशी बनने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बीजपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा में कार्यकर्ता तो केवल जिंदाबाद-मुर्दाबाद नारे लगाने के लिए बचे हैं। चुनाव लड़ने का अधिकार केवल सैफई कुनबे के पास ही है। मैनपुरी में इस बार बीजेपी का कमल खिलेगा।