उत्तर प्रदेश

मुआवजे को लेकर सपा-भाजपा भिड़े, नेता प्रतिपक्ष की गाड़ी पर पत्थरबाजी का आरोप

Saba Naaz
25 Jun 2025 7:22 PM IST
मुआवजे को लेकर सपा-भाजपा भिड़े, नेता प्रतिपक्ष की गाड़ी पर पत्थरबाजी का आरोप
x
Gorakhpur गोरखपुर : धर्मशाला से पांडेहाता तक निर्माणाधीन विरासत गलियारे में मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार की दोपहर सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने सामने आ गए हैं। दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई है।
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की काफिले की गाड़ी पर पथराव का आरोप है। उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर लेकर प्रदर्शन किया। विधायक ग्रामीण विपिन सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की। दरअसल, धर्मशाला बाजार, नखास होते हुए घंटाघर तक पीडब्ल्यूडी द्वारा विरासत गलियारा विकसित किया जा रहा है। इसे लेकर प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर दुकानों को तोड़ा जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि दुकान, मकान से लेकर जमीन की कीमत के मुकाबले मुआवजा काफी कम दिया जा रहा है।
व्यापारियों के विरोध को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पिछले दिनों देर रात निरीक्षण कर मुआवजे को लेकर आश्वासन दिया था। मंगलवार की देर रात विधायक ग्रामीण विपिन सिंह ने व्यापारियों से अलग-अलग वार्ता की। उन्होंने आश्वस्त किया था कि व्यापारियों को उचित मुआवजा मिलेगा। इसके लिए शुक्रवार से कैंप लगाकर विवादों के निस्तारण की तैयारी है। इसी बीच बुधवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में व्यापारियों से मिलने पहुंचा। जिसे लेकर भाजपा के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।
विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष का विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान नार्मल स्कूल के पास नेता प्रतिपक्ष के काफिले में शामिल गाड़ी पर पथराव का आरोप है। पथराव के विरोध में सपा कार्यकर्ता नार्मल स्कूल के पास धरने पर बैठ गए। धरने में पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी भी शामिल रहे।
Next Story