उत्तर प्रदेश

Sonbhadra: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो घायल गिरफ्तार हुए

Admindelhi1
24 Sept 2025 3:21 PM IST
Sonbhadra: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो घायल गिरफ्तार हुए
x

सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में चुर्क रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से चली गोलीबारी में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश मध्यप्रदेश के कटनी जिले के निवासी हैं। मुखबिर की सूचना पर सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चुर्क रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर घेराबंदी की थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।

घायल बदमाशों की पहचान वीर सिंह (35) और आजाद सिंह (34) के रूप में हुई है। तीन अन्य बदमाश मौके से भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे 27 अगस्त को रॉबर्ट्सगंज के नई बाजार स्थित ज्वेलरी की दुकान में हुई चोरी में शामिल थे।

पुलिस ने मौके से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे और चोरी का सामान बरामद किया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि घायल बदमाशों पर पहले से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Next Story