उत्तर प्रदेश

Sonbhadra: सोनभद्र में आग का तांडव, बुजुर्ग महिला की जान गई

Admindelhi1
19 Jan 2026 12:36 PM IST
Sonbhadra: सोनभद्र में आग का तांडव, बुजुर्ग महिला की जान गई
x

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में ठंड से बचने के लिए जलाया गया अलाव एक बुजुर्ग महिला की जान ले गया। कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव में रविवार देर शाम झोपड़ी में लगी आग की चपेट में आने से 73 वर्षीय जाशो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जगन राम किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, कचनरवा ग्राम पंचायत के टोला हडवरिया निवासी यह बुजुर्ग दंपती रोज की तरह अपनी झोपड़ी में अलाव जलाकर ठंड से राहत ले रहा था। इसी दौरान आग तेज हो गई और कुछ ही पलों में पूरी झोपड़ी धधकने लगी। आग के अचानक फैलने से जाशो देवी बाहर नहीं निकल सकीं, जबकि पति किसी तरह झोपड़ी से निकल आए।

आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी के अंदर फंसी वृद्धा की जान जा चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि महिला का शरीर पूरी तरह जल गया।

पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज होने से तनाव में आए छात्र ने की आत्महत्या, बगीचे में फंदे से लटका मिला शव ये खबर भी पढ़े : पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज होने से तनाव में आए छात्र ने की आत्महत्या, बगीचे में फंदे से लटका मिला शव

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका पूर्व ग्राम प्रमुख वंशीधर की चाची बताई जा रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कड़ाके की ठंड के चलते दंपती रोजाना अलाव जलाते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि इस ठंड के मौसम में अलाव से झुलसकर जान गंवाने की यह जिले की तीसरी घटना है, जिसने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story