उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद के मजदूर की बेटी सोनम ने भारत को चैंपियन बनाने में निभाई भूमिका

Admin Delhi 1
30 Jan 2023 12:06 PM GMT
फिरोजाबाद के मजदूर की बेटी सोनम ने भारत को चैंपियन बनाने में निभाई भूमिका
x

फिरोजाबाद: भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रविवार को टी20 विश्व कप जीत लिया है। भारतीय महिला टीम इंग्लैंड को हराकर विश्वचैम्पियन बनी। टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में फिरोजाबाद के एक मजदूर की क्रिकेटर बेटी

सोनम यादव ने भी अहम भूमिका निभाई। सोनम में भारत के लिए छह मैच खेले और चार विकेट लिए। भारत के चैंपियन बनने के बाद सोनम के परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, दूर-दूर से बधाइयां मिल रही हैं।

थाना टूंडला के राजा का ताल निवासी सोनम के पिता मुकेश कुमार कांच के कारखाने में काम करते हैं। उनके परिवार का कहना है कि सोनम जब 13 साल की थी, तभी से उसकी क्रिकेट के प्रति काफी रुचि थी। पास के ही एक मैदान में सोनम ने लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। गेंदबाजी में वह अक्सर अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों को आउट कर देती थी। इससे उसका हौसला और बढ़ता था। इसके बाद सोनम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और उसके परिवार ने भी उसका भरपूर साथ दिया।

क्रिकेट के प्रति सोनम की रुचि को देखकर उसका एडमिशन फिरोजाबाद के ही क्रिकेट कोचिंग सेंटर में हुआ। सोनम एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर हैं। बाएं हाथ से स्पिन के अलावा वह मध्यक्रम की बल्लेबाज भी हैं। अपनी प्रतिभा के दम पर उसने भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई। इसके बाद सोनम को चार दिन की ट्रेनिंग के लिए गोवा भेजा गया। टीम में चयन के बाद उन्हें आगे की ट्रेनिंग के लिए विशाखापटनम भेज दिया गया। सोनम अपनी कामयाबी का श्रेय पिता, भाई अमन यादव, कोच रवि यादव और विकास पालीवाल को देती हैं।

भारत के विश्व चैंपियन बनने के बाद सोनम के परिवार को दूर-दूर से बधाइयां मिल रही हैं। उनके गांव में जश्न का माहौल है। सोनम का कहना है कि यह तो महज शुरुआत है और उन्हें अभी और मेहनत करके सीनियर टीम में जगह बनाना है।

Next Story