उत्तर प्रदेश

रेलवे पुल के पास धंसी मिट्टी, यात्रियों में मचा हड़कंप; 13 ट्रेनों का रूट बदला

Shubhra Nandy
11 Nov 2026 10:08 AM IST
रेलवे पुल के पास धंसी मिट्टी, यात्रियों में मचा हड़कंप; 13 ट्रेनों का रूट बदला
x
कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
प्रयागराज : रेलवे की तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के दौरान हुई एक घटना ने रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। प्रयागराज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन के बीच मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर निर्माणाधीन पुल के पास अचानक मिट्टी धंसने से डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इसका असर कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए, जबकि कुछ ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर घंटों खड़ी रहीं। लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा भी किया।
तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान धंसी मिट्टी
प्रयागराज से पीडीडीयू नगर जंक्शन के बीच रेलवे की तीसरी लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसी परियोजना के अंतर्गत मिर्जापुर और झिंगुरा रेलवे स्टेशनों के बीच आमघाट के पास खजुरी नदी पर नया रेलवे पुल बनाया जा रहा है। यह निर्माणाधीन पुल पुरानी रेल लाइन पर मौजूद पुल के समीप तैयार किया जा रहा है। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे निर्माणाधीन पुल के पास अचानक मिट्टी धंस गई। मौके पर मौजूद रेलवे के सेतु निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने स्थिति की जानकारी तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद परिचालन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को रोकने का फैसला किया। इसके बाद रेलवे के इंजीनियरिंग और सेतु निर्माण विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुट गईं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
दुरंतो, महाबोधि और विक्रमशिला एक्सप्रेस का बदला रास्ता
डाउन लाइन पर परिचालन प्रभावित होने के बाद रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों को दूसरे मार्गों से भेजने की व्यवस्था की। ट्रेन संख्या 12274 हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस, 12398 महाबोधि एक्सप्रेस, 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस और 12947 अजीमाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से रवाना किया गया। इसके अलावा खजुराहो-बनारस वंदेभारत एक्सप्रेस और एलटीटी-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस को भी प्रयागराज-रामबाग और बनारस के रास्ते वाराणसी होते हुए पीडीडीयू जंक्शन की ओर भेजा गया।
13 ट्रेनों को कानपुर-लखनऊ के रास्ते भेजा गया
रेल परिचालन में आए व्यवधान के कारण रेलवे ने अन्य ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया। नई दिल्ली-रांची एक्सप्रेस, आनंद विहार-जयनगर गरीब रथ, साबरमती-दानापुर स्पेशल और आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल सहित कई ट्रेनों को वैकल्पिक रास्ते से भेजा गया। इसी तरह नई दिल्ली-राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, बीकानेर-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस और नई दिल्ली-राजेंद्र नगर अमृत एक्सप्रेस समेत कुल 13 ट्रेनों को कानपुर, लखनऊ और वाराणसी के रास्ते पीडीडीयू जंक्शन की ओर डायवर्ट किया गया। अचानक मार्ग बदलने से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस भी रास्ते में फंसी
मिर्जापुर और झिंगुरा रेलवे स्टेशनों के बीच गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे के बाद से खड़ी रही। डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोके जाने के कारण अन्य गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। कई एक्सप्रेस ट्रेनें बीच के स्टेशनों पर रोक दी गईं।
राजगीर जनता एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे से ज्यादा लेट
रेल परिचालन प्रभावित होने का असर पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचने वाली ट्रेनों के समय पर भी पड़ा। 13202 राजगीर जनता एक्सप्रेस 4 घंटे 36 मिनट और 12308 हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4 घंटे 21 मिनट विलंबित रही। इसी तरह 12176 हावड़ा-चंबल एक्सप्रेस 3 घंटे 36 मिनट, 18102 टाटानगर एक्सप्रेस 3 घंटे 4 मिनट और 13052 नेताजी एक्सप्रेस 2 घंटे 59 मिनट की देरी से चली। 12322 मुंबई-हावड़ा मेल और 63238 सूबेदारगंज-डीडीयू मेमू दो-दो घंटे विलंबित रहीं। वहीं 12488 सीमांचल एक्सप्रेस 26 मिनट की देरी से चली।
स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा, पानी और भोजन के लिए परेशानी
रेलवे की डाउन लाइन पर परिचालन रोके जाने और ट्रेनों के घंटों विलंबित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई एक्सप्रेस ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोके जाने के कारण यात्रियों को पीने के पानी और भोजन के लिए भी परेशान होना पड़ा। ट्रेनों के परिचालन में देरी से नाराज यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए, GRP और RPF के प्रभारी इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। जब ​​यात्रियों को असल स्थिति समझाई गई, तो वे शांत हुए।
Next Story