- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Social media विवाद...
Social media विवाद बना हत्या का कारण, पुलिस कर रही जांच

Meerut मेरठ : सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा-खिवाई गांव में इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी पार्लर संचालिका निशा चौहान की कथित हत्या के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर यह संकेत मिल रहे हैं कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इस मामले में निशा के पति प्रदीप को आरोपी बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार निशा चौहान सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और अपने ब्यूटी पार्लर का संचालन भी करती थीं। उनकी कमाई परिवार की आर्थिक स्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। बताया जा रहा है कि उनकी आय पति प्रदीप से अधिक थी और घर के अधिकतर खर्च भी उन्हीं की कमाई से चल रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद होने की बात सामने आ रही है।
परिजनों का कहना है कि दंपति के बीच प्रॉपर्टी को लेकर भी लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी पति-पत्नी के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे थे। आरोप है कि प्रदीप को निशा की ऑनलाइन एक्टिविटी और आय से असंतोष था, जिसके चलते घर में अक्सर तनाव का माहौल बना रहता था।अब इस मामले में एक पड़ोसी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी के कारण भी घर के भीतर तनाव बढ़ता जा रहा था, हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चर्चा है कि सोशल मीडिया की सक्रियता और पारिवारिक विवाद कैसे इस हद तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





