उत्तर प्रदेश

Sitapur: तालगांव में बेटे ने पिता की हत्या की, शराब के लिए रुपये न देने पर

Tara Tandi
13 Aug 2025 6:11 PM IST
Sitapur: तालगांव में बेटे ने पिता की हत्या की, शराब के लिए रुपये न देने पर
x
Sitapur सीतापुर : जिले के तालगांव थाना क्षेत्र के राही ग्राम सभा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। शराब के लिए रुपये न मिलने पर एक शराबी बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज फ़ॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।
ग्राम सभा राही के मजरा भवनहापुर निवासी शत्रोहन पुत्र शिवलाल घर पर मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, बड़ा बेटा रामलखन (35) शराब का आदी है और रोजाना रुपयों की मांग करता था। बुधवार को भी उसने शराब पीने के लिए रुपये मांगे, लेकिन पिता के इंकार करने पर वह आग-बबूला हो गया।
आरोप है कि रामलखन ने रसोई से फुंकनी निकालकर चारपाई पर बैठे पिता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उनके मुंह को जोर से खींचा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तालगांव थानाध्यक्ष दीपक राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फ़ॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Next Story