उत्तर प्रदेश

Sitapur: पुलिस सुरक्षा में निकला बर्थडे काफिला, स्टेशन बना जश्न का मंच

Admindelhi1
14 March 2026 1:06 PM IST
Sitapur: पुलिस सुरक्षा में निकला बर्थडे काफिला, स्टेशन बना जश्न का मंच
x

सीतापुर: जिले में पुलिस तंत्र के दुरुपयोग का एक मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के जन्मदिन को खास बनाने के लिए कथित तौर पर पुलिस एस्कॉर्ट में कारों का काफिला निकाला गया और रेलवे स्टेशन परिसर में बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार शहर के एक रेस्टोरेंट संचालक शाहरुख का जन्मदिन मनाने के लिए उसके समर्थकों ने कारों का काफिला निकाला। आरोप है कि इस काफिले के साथ पुलिस की गाड़ियां भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर को ही जश्न का अड्डा बना दिया गया, जहां केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई कारों का काफिला पुलिस एस्कॉर्ट के साथ चल रहा है। कुछ युवक कारों के दरवाजों पर लटकते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा नियमों की भी खुलकर अनदेखी होती नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह वीडियो सही है तो यह गंभीर मामला है, क्योंकि पुलिस का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है, न कि निजी आयोजनों में शामिल होकर सुरक्षा और सरकारी संसाधनों का उपयोग करना।

इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अभी तक इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

वायरल वीडियो के बाद लोगों में चर्चा का माहौल है और मांग की जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि पुलिस कर्मियों की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Next Story